English മലയാളം

Blog

Screenshot 2023-02-13 083054

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को कहा कि काशी, अयोध्या, मथुरा, सारनाथ, गोरखपुर और मगहर जैसे उत्तर प्रदेश के पवित्र धार्मिक स्थल भारत की आध्यात्मिक शक्ति का केंद्र बिंदु हैं।

 

राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार लखनऊ आगमन पर श्रीमती मुर्मू का लोकभवन के ऑडिटोरियम में भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति को ओडीओपी उपहार भेंट करके उनका स्वागत किया। अपने उद्बोधन में राष्ट्रपति ने प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन के लिए किये जा रहे कार्यों का विशेष उल्लेख करते हुए उत्तर प्रदेश की नारी विभूतियों को अपना आदर्श बताया।

राष्ट्रपति ने लखनऊ का संबंध भगवान श्री राम के भाई लक्ष्मण जी से जोड़ते हुए कहा कि लंबे काल तक इसे लखनपुर के नाम से जाना जाता रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व अटल बिहारी जी को याद करते हुए लखनऊ से उनके जुड़ाव को लेकर अटल जी के वक्तव्य को याद किया। लंबे समय तक लखनऊ के सांसद रहे अटल जी ने कहा था ‘लखनऊ हम पर फिदा और हम फिदा-ए-लखनऊ, क्या है ताकत आसमान की जो छुड़ाए लखनऊ।’

Also read:  यूपी से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक जमकर बारिश, खुला बदरीनाथ हाईवे

उन्होने काशी, अयोध्या, मथुरा, सारनाथ, गोरखपुर और मगहर जैसे उत्तर प्रदेश के पवित्र धार्मिक स्थलों को भारत की आध्यात्मिक शक्ति का केंद्र बिंदु बताया। साथ ही उत्तर प्रदेश में बहने वाली नदियों का उल्लेख करते हुए इनकी शुद्धता और पवित्रता को बनाए रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा ” भारतीय लोकतंत्र के लिए ये गौरव की बात है कि आपने जनजातीय समाज के एक सामान्य परिवार में जन्म लेने और आदर्श भारतीय नारी के रूप में भारत गणराज्य के सर्वोच्च पद पर आसीन होकर देश की आधी आबादी के सम्मान को एक नई ऊंचाई दी है। आप पहली राष्ट्रपति हैं जिनका जन्म भारत की स्वाधीनता के बाद हुआ। संघर्षों से भरा आपका जीवन हम सब के लिए पथ प्रदर्शक और प्रेरणादायी है। आपके मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सर्वोत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। ”

Also read:  राहुल गांधी ने अमेरिका में बीजेपी पर साधा निशाना, कहा-बीजेपी सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करती है

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत व अभिनंदन करते हुए कहा ” हमारे देश को ऐसी राष्ट्रपति मिली हैं, जो नारी शक्ति का प्रतीक हैं।”

नागरिक अभिनंदन समारोह में प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के साथ ही कुंवर मानवेन्द्र सिंह, सुरेश खन्ना एवं सभी मंत्री मौजूद रहे। इससे पूर्व रंगकर्मियों, संस्कृतिकर्मियों की ओर से अलीगढ़ की बनी कांस्य की नटराज प्रतिमा भेंट की गई। इसी प्रकार साहित्यकारों ने राष्ट्रपति को ओडीओपी भेंट कर के स्वागत किया। हस्तशिल्पकारों ने गेहूं से बनी बहराइच की कलाकृति से स्वागत किया।

Also read:  INS Vikrant Commissioning: पीएम मोदी ने देश के पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत को नौसेना को किया समर्पित

स्वयं सहायता समूह के प्रतिनिधियों ने सीतापुर की दही और बाराबंकी के शहद से, प्रगतिशील कृषकों ने सिद्धार्थनगर का काला नमक चावल और अयोध्या के गुड़ से, उद्यमियों ने फिरोजाबाद के कांच के उत्पाद से तथा प्रदेश के प्रोफेशनल्स की ओर से बनारसी साड़ी भेंट करके राष्ट्रपति का अभिनंदन किया गया। ये सभी उपहार अब राष्ट्रपति भवन की शोभा बढाएंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में राजभवन में रात्रिभोज का आयोजन किया गया। राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल की तरफ से दिए गए रात्रिभोज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक समेत मंत्रिमंडल के कई सदस्य व पद्म पुरस्कारों से सम्मानित अतिथि मौजूद रहे।